फोटो-86: पहलवानों के हाथ मिलवाकर मैच का शुभारंभ कराते बुल्लड़ पहलवान। स्रोत स्वयं
बहादुरगढ़। होशियार सिंह स्टेडियम में शनिवार को राज्य स्तरीय अंडर-17 आयु वर्ग की स्कूली महिला कुश्ती टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में हरियाणा के सभी जिलों से चयनित महिला पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में अपने-अपने जिलों का प्रतिनिधित्व करते हुए दमखम दिखाया। प्रत्येक भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाली खिलाड़ी अखिल भारतीय स्कूली कुश्ती ट्रायल में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी। ट्रायल में बुल्लड़ पहलवान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए अपनी ओर से 11 हजार रुपये की फल एवं अन्य खाद्य सामग्री भेंट की। स्टाफ की ओर से पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया गया। बुल्लड़ पहलवान ने कहा कि जरूरतमंद लड़के या लड़की खिलाड़ी को खान-पान और अभ्यास में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि उनके छोटूराम अखाड़े में जरूरतमंद खिलाड़ियों को खान-पान, रहने-सहन और शिक्षा समेत सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। संवाद