बहादुरगढ़। 19 से 25 अगस्त तक जॉर्डन कुश्ती संघ द्वारा अम्मान में अंडर-17 फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल और महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शहर के सेक्टर-2 स्थित मार्डन स्कूल में होगी। चयन 2 अगस्त को किया जाएगा। अंडर-17 खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया भारतीय कुश्ती महासंघ द्वारा की जाएगी। यह जानकारी हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन के महासचिव राकेश कोच ने दी।
राकेश कोच ने बताया कि अम्मान में जॉर्डन कुश्ती महासंघ द्वारा अंडर-17 कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन स्टाइल में 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92 और 110 किलोग्राम के पहलवान भाग लेंगे। जबकि महिला कुश्ती प्रतियोगिता में 40, 43, 46, 49, 53, 57, 61, 65, 69 और 73 किलोग्राम के पहलवान भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में 5 से 7 जुलाई तक आयोजित हुई अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन के सभी पदक विजेता ट्रायल में भाग लेने के लिए पात्र हैं। इनके अलावा अन्य पहलवान चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि जो भी कुश्ती संघ से संबंधित पहलवान ट्रायल प्रक्रिया में भाग लेंगे। वे अपने पहलवानों को ट्रायल में प्रतिस्पर्धा करने के लिए कोच का नाम दे सकते हैं। किसी भी अन्य कोच को मैदान में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। पहलवानों का वजन 2 अगस्त को सुबह 7 बजे होगा। ट्रायल में दो किलोग्राम वजन तक सभी को सहन करने की अनुमति रहेगी। किसी भी प्रतिभागी को भोजन, आवास उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। कोई भी प्रमाण पत्र और पदक प्रदान नहीं किया जाएगा। ट्रायल के दौरान सभी प्रतिभागी पहलवानों को अपना पासपोर्ट आकार का फोटो लेकर आना होगा। चयन परीक्षण योग्य तकनीकी अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को डब्ल्यूएफआई को 500 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। चयन परीक्षण योग्य तकनीकी अधिकारियों द्वारा आयोजित किया जाएगा।