बहादुरगढ़। शुक्रवार को रात मौसम खराब रहा। बिजली गिरने से रेलवे रोड पर स्थित विश्वकर्मा चौक के नजदीक 400 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया और लालचंद कॉलोनी तथा काठ मंडी में 500 से अधिक घरों की बिजली 20 घंटे गुल रही।
ट्रांसफार्मर जलने के चलते शुक्रवार की रात 9 बजे बिजली गायब हो गई थी और शनिवार की शाम करीब 6 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। मौके पर बिजली विभाग की ओर से दो नए ट्रांसफार्मर रखवाए गए तो बिजली सुचारु रूप से चल पाई। लालचंद कॉलोनी निवासी रमेश कुमार, नवीन कुमार, सत्यप्रकाश, राजेंद्र प्रसाद, राजकुमार, बलराम ने बताया कि कॉलोनी में शुक्रवार की रात 9 बजे अचानक तेज गड़गड़ाहट हुई और बिजली गायब हो गई। कॉलोनी वासियों ने बिजली के आने का इंतजार शुरू किया, लेकिन बिजली देर रात तक भी नहीं आई। सुबह के समय लोग जागे तो उस समय भी बिजली नदारद थी। इसकी शिकायत काॅलोनी वासियों ने बिजली निगम के अधिकारियों को की। निगम अधिकारियों ने बताया कि रात के समय ट्रांसफार्मर पर बिजली गिर गई थी। इसकी वजह से ट्रांसफार्मर के तीनों जंपर खराब हो गए और ट्रांसफार्मर पूरी तरह डैमेज हो गया। शनिवार को दिन भर कर्मचारियों ने उसे ठीक करने की कोशिश की, लेकिन वह ठीक नहीं हो पाया। आखिरकार बिजली निगम के अधिकारियों को यहां नए ट्रांसफार्मर रखवाने पड़े। निगम ने फिलहाल बिजली सप्लाई को सुचारु कर दिया है। यहां पर 200 केवी के दो नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।
वर्जन...
विश्वकर्मा चौक के नजदीक लगे 400 केवी के ट्रांसफार्मर पर शुक्रवार रात बिजली गिर गई थी। इससे उसके तीनों जंपर खराब हो गए, उन्हें ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह डैमेज हो गया। बाद में नए 200 केवी के दो ट्रांसफार्मर लगवाए गए। इसके बाद बिजली सप्लाई सुचारु हो गई।
- मनीष यादव, एसडीई, बिजली निगम बहादुरगढ़।
- फोटो 56 : विश्वकर्मा चौक पर बिजली गिरने से खराब हुए ट्रांसफार्मर को बदला गया।