झज्जर। त्योहारी सीजन में बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम से व्यापारी उलझ गए। दोनों पक्षों मेंं बहस हुई। हाथापाई तक की नाैबत आ गई। टीम ने दो दुकानदारों के चालान काट दिए थे मामला और गर्मा गया। हंगामा खड़ा हो गया। व्यापार मंडल के नेता भी पहुंच गए उन्होंने जाम लगाने की चेतावनी दी तो नगर परिषद की टीम लाैट गई।
मंगलवार सुबह नगर परिषद की टीम पुराना बस स्टैंड पर पहुंची। यहां दुकानदारों ने 8 से 10 फिट तक कब्जा किया हुआ था। टीम ने कब्जा हटाने के लिए बोला तो दुकानदारों और नगर परिषद की टीम के बीच बहस हो गई। मामला हाथापाई तक बढ़ गया। नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण करने पर दो दुकानदारों के चालान काट दिए, जिसके बाद हंगामा और बढ़ गया। सूचना पाकर व्यापार मंडल के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। दुकानदारों के चालान काटने के बाद में व्यापारियों ने सड़क जाम करने की चेतावनी दी, जिसके बाद नगर परिषद की टीम वापस लौट आई। टीम ने चेयरमैन जिले सिंह सैनी, जिला नगर आयुक्त परवेश कादियान और कार्यकारी अधिकारी केके यादव को सूचना दी।
व्यापार मंडल झज्जर के प्रधान अशोक अरोड़ा ने कहा कि नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों के चालान किए है, जिसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की है। नगर परिषद की टीम ने दो दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान किए है। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों से भी इस बारे में बातचीत की है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी दुकानदार दीपावली के त्योहार तक अपने सामान काे अपनी दुकान के सामने निश्चित दूरी तक रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने दुकानों के सामने निश्चित दूरी तक सामान रखने के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियाें से अनुमति ले ली है। दीपावली के त्योहार तक दुकानदार अपने सामान को रख सकता है। अगर इसके बाद भी नगर परिषद की टीम द्वारा दुकानदारों के चालान किए जाते है तो बाजार को बंद किया जाएगा।
पैदल चलकर दुकानदारों को दिया आश्वासन
व्यापार मंडल के सदस्यों ने जटिया धर्मशाला से छिकारा चौक तक पैदल चलकर दुकानदारों को आश्वासन दिया कि वह अपने सामान सड़क की सफेद पट्टी से आगे नहीं रखे। सफेद पट्टी से आगे सामान नहीं रखने पर नगर परिषद की टीम भी चालान नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार अपने सामान को अपनी दुकान के सामने सफेद पट्टी तक रख सकते हैं। अगर किसी दुकानदार का सफेद पट्टी से आगे या सड़क पर सामान रखने के कारण चालान होता है तो उसका वह खुद जिम्मेदार होगा।
वर्जन
नप की टीम अतिक्रमण हटाने गई थी। अतिक्रमण करने पर दो दुकानदारों के चालान किए गए थे। इस पर व्यापारियों ने बहस भी की। त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों से अपील की है कि सीमित दायरे तक सामान रखे ताकि आम जनता को परेशानी नहीं आए।
परवेश कादियान, जिला नगर आयुक्त, झज्जर