झज्जर। गांव याकूबपुर व रिलायंस कंपनी के कर्मचारियों को बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू से शरीर में होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू से कई प्रकार की गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। धूम्रपान व तंबाकू में मौजूद केमिकल हमारे शरीर में कैंसर का कारण बन सकता है। तंबाकू सेवन से फेफड़ों की बीमारी हो सकती है। तंबाकू से दांतों की समस्या, दांतों का पीलापन, मसूड़े की बीमारी हो सकती है। तंबाकू धीमी गति का जहर है, जो हमारे शरीर को धीरे-धीरे करके मौत के मुंह में ले जाता है। आजकल की युवा पीढ़ी नशा व तंबाकू की ओर अग्रसर होती जा रही है। इसे रोकने के लिए माता-पिता को भी अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देना होगा, तभी हम इस नशे को रोक सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, गांव व कंपनियों के कर्मचारियों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि हम अपने आपको स्वस्थ रख सकें। यह तभी संभव है, जब हम एक होकर इसका विरोध करें और हम अपने आसपास धूम्रपान करने वाले लोगों को तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक करें।