दुकानदारों और आमजन के लिए बनाए गए शौचालय पर लटके ताले।
बहादुरगढ़। शहर में शौचालयों का अभाव है, लेकिन जहां शौचालय हैं वहां पर ताले लटके हैं। रेलवे रोड पर स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में अलग-अलग स्थानों पर कई शौचालय तो बनाए गए, लेकिन वे किसी के भी काम नहीं आ रहे हैं। उनपर ताले लटके हुए हैं। ऐसे में स्टेडियम में पहुंचने वाले खिलाड़ियों और रेलवे रोड बाजार के दुकानदार और ग्राहक परेशान हैं।
शहीद बिग्रेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में शौचालयों का निर्माण कई महीनों पहले नगर परिषद की ओर से कराया गया था, लेकिन इन पर अक्सर ताले लटके रहते हैं। कई बार रेलवे रोड के दुकानदारों और स्टेडियम में पहुंचने वाले लोगों की ओर से नगर परिषद अधिकारियों से इन तालों का खोलने के लिए मांग की गई, फिर भी इन्हें नहीं खोला जा रहा है। रेलवे रोड के दुकानदार विक्रम सिंह, मुकेश बंसल, संदीप शर्मा, रवि कुमार, विकास कौशिक ने बताया कि इस तरह नए बनाए शौचालयों का क्या फायदा। जब इन पर ताले लटकाए गए हैं। जब इन्हें खोलना ही नहीं था तो इन पर लाखों रुपये क्यों खर्च किए गए। इस तरह की सुविधाएं आमजन के लिए की जाती हैं, लेकिन नगर परिषद अधिकारी किसी लिहाज से इन्हें खोलने में असमर्थता जता रहे हैं। इस बारे में कोई नहीं जानता।
स्टेडियम में दीवारों के पास शौच करते हैं आमजन
स्टेडियम में आमजन को जब शौच के लिए जाना होता है तो वे इन शौचालयों की तरफ टकटकी लगाकर देखते हैं और इधर-उधर बैठकर शौच करते हैं। इससे न केवल वहां का वातावरण प्रदूषित होता है बल्कि वहां से गुजरने वाली महिलाओं व स्टेडियम में खेलने के लिए जाने वाली लड़कियों को शर्म महसूस होती है।
वर्जन...
स्टेडियम में आम जनता के लिए शौचालय बनवाए गए हैं। इन्हें तुरंत प्रभाव से खोलने के लिए कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं।
-संजय रोहिल्ला, ईओ, नगर परिषद बहादुरगढ़।