झज्जर। एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों व ब्लॉक स्तर पर रविवार को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में ग्राम पंचायत व ब्लॉक स्तर पर तिरंगा यात्रा आयोजित होगी, जो लोगों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर देगी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में गांव के ग्रामीणों के अलावा स्कूली विद्यार्थी भी शामिल होंगे व जिले के ग्रामीण अंचल में देशभक्ति की भावना का उत्साह फैलाएंगे।
एडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन ने गांवों में व ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों की ड्यूटी लाई है। जिले में बहादुरगढ़ ब्लॉक का कार्यक्रम साखौल गांव में आयोजित होगा। बादली, माछरौली व मातनहेल ब्लॉक का कार्यक्रम ब्लॉक मुख्यालय में ही आयोजित होगा। बेरी ब्लॉक का कार्यक्रम दूबलधन बिधान में आयोजित किया जाएगा। ग्राम स्तर पर यात्रा का नेतृत्व ग्राम सरपंच और खंड स्तर पर पंचायत समिति के चेयरमैन करेंगे। रविवार सुबह दस बजे निर्धारित स्थानों से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी जो गांवों में बने शहीद स्मारक पर यात्रा पूरी होगी। यात्रा में ग्रामीण, विद्यार्थी, आंगनबाड़ी वर्कर, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, एनएसएस, एनसीसी वालिंटियर, आशा वर्कर, नंबरदार, राशन डिपो होल्डर आदि राष्ट्रीय ध्वज को थामे उत्साह के साथ कदमताल करते हुए गांव के हर कोने में देशभक्ति का संदेश फैलाएंगे। शहीदों के परिवारों को सम्मानित भी किया जाएगा।