झज्जर। शहर में रेवाड़ी रोड पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी के साथ लूटपाट की। तीनों आरोपी घटना को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। कपड़ा व्यापारी बिजेंद्र पुत्र दलेल सिंह दिल्ली गेट पर अपनी दुकान बंद करके अपने घर जा रहा था। जब वह रेवाड़ी रोड पर बल्लू वाली कूई के समीप पहुंचा तो तीनों आरोपी उसकी गली के सामने खड़े हुए थे। वह अपने घर में जाने के लिए गली के कोने पर पहुंचा तो बदमाशों ने पिस्तौल तान दी और बोले जो कुछ भी तुम्हारी जेब में है वह निकाल दो। डर के कारण विजेंद्र ने उन्हें कहा तुम खुद निकाल लो। जिस पर बाइक सवार दूसरे बदमाश ने पैंट की जेब में हाथ डालकर 13 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल की चाभी निकालकर फरार हो गए। विजेंद्र ने कंट्रोल रूम में फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही शहर पुलिस थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज कंगाली जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुमित कुमार, जांच अधिकारी, शहर थाना झज्जर।