जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार रविवार को तीन नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि एक मरीज को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। जिनमें से 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पांच को होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल तक जिले में 18816 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं, जिनमें से 18484 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 321 लोगों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 545122 लोगों के सैंपलों की जांच की गई है जिनमें से 524038 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। सिविल सर्जन डॉ संजय दहिया का कहना है कि लोगों को अब और अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण को हल्के में न लें।