बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के अलग-अलग गांवों के तीन युवकों को एसटीएफ ने शनिवार रात को गिरफ्तार किया है। इनमें एक हिमांशू उर्फ भाऊ के शार्प शूटर अमन का भाई विशाल निलौठी है। इसके खिलाफ पूर्व में आसौदा थाने में तीन अलग-अलग आपराधिक केस दर्ज हैं जबकि एसटीएफ के हत्थे चढ़े दो अन्य के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। दोनों पहली बार ही अपराध की दुनिया में कदम रख रहे थे कि पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
अमन छह महीने से झज्जर जेल में बंद है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसटीएफ द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपी दोस्त हैं और जेल में बंद अमन की मुलाकात के बाद ही अपराध की दुनिया में कदम रख रहे थे। सूत्रों के अनुसार पता चला है कि ये तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनके पास से पुलिस ने पांच पिस्तौल, दोनाली बंदूक और 14 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने ऐन वक्त पर आरोपियों को पकड़कर बड़ी वारदात होने से रोक ली।
एसटीएफ द्वारा विशाल (23) निलौठी, प्रवीण कुमार (22) निवासी जसौर खेड़ी और आकाश उर्फसागर (21) निवासी आसौदा को गिरफ्तार किया गया है। इनमें विशाल और प्रवीण बारहवीं पास हैं तो आकाश उर्फ सागर दसवीं पास है। अधिकारियों के अनुसार, विशाल झज्जर जेल में बंद अमन का भाई है। अमन के खिलाफ कई संगीन अपराधों में केस दर्ज है। विशाल के परिवार में एक छोटा भाई और पिता है जबकि प्रवीण निवासी जसौर खेड़ी का एक बड़ा भाई है। वह शादीशुदा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रवीण और सागर जेल मेें बंद अमन से मुलाकात करने के लिए विशाल के साथ जाते रहे हैं। आकाश उर्फ सागर निवासी आसौदा के तीन भाई हैं। यह मंझला है। परिवार में पिता ड्राइवर हैं। सागर के खिलाफ गांव में लड़ाई झगड़े के आरोप में दो केस दर्ज हैं जबकि एक केस शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज है। सभी मामले आसौदा थाने में दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह हथियार कहां से लेकर आए थे और किसी को सप्लाई करने थे या फिर कोई वारदात को अंजाम दिया जाना था।
वर्जन
एसटीएफ द्वारा पकड़े गए आसौदा के रहने वाले आकाश उर्फ सागर के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। इनमें दो लड़ाई झगड़े के हैं तो तीसरा शस्त्र अधिनियम का है।
- सुनील कुमार, एसएचओ, आसौदा थाना बहादुरगढ़।