बहादुरगढ़। पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन (टीकों) के साथ काबू किया है। सीआईए टू बहादुरगढ़ की टीम ने आरोपियों को लाइनपार बहादुरगढ़ के क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
सीआईए टू बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक मनोज ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम बहादुरगढ़ के एरिया में तैनात थी। टीम को गुप्त सूचना मिली। इसी के आधार पर टीम ने एक कार के तीन आरोपियों को लाइनपार बहादुरगढ़ क्षेत्र से काबू किया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास नशीले टीके होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। जिसके पश्चात मौका पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष नियम अनुसार तलाशी ली गई तो पकड़े गए व्यक्तियों के कब्जे से 140 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। जिसकी पुष्टि के लिए सरकारी डॉक्टर से राय ली गई तो उन्होंने बताया कि यह इंजेक्शन नशीले हैं और प्रतिबंधित हैं। पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में पहचान सौरभ व सोनू दोनों निवासी छिकारा कॉलोनी बहादुरगढ़ और मोनू कुमार निवासी जिला औरंगाबाद बिहार के तौर पर हुई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थाना लाइनपार बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। जहां से आरोपी सौरभ को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया और दो आरोपियों सोनू व मोनू कुमार को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।