साल्हावास। क्षेत्र के गांव नौगांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े की शिकायतों पर मातनहेल पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के 15 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। दोनों पक्षों की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एक पक्ष से अशोक कुमार ने बताया कि गांव के ही पांच लोगों ने उसके व भतीजे के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीडितों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर में भर्ती करवाया गया है ।
वहीं, दूसरे पक्ष के जागेराम ने भी इस संबंध में पुलिस को शिकायत सौंपी है। जागेराम का आरोप है कि गांव के ही दस लोगों ने मिलकर उसके साथ तथा पुत्र के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मातनहेल पुलिस चौकी इंचार्ज नितीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी सामने आएगा उसी आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।