बहादुरगढ़। बीती रात सेक्टर-9ए में दो जगह चोरी की वारदात हो गई। चोरों ने दुकान और मकान को अपना निशाना बनाया। सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो वारदात का पता चला। चोर घर से डेढ़ लाख की नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। शिकायत के आधार पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मनोज ने कहा है कि उसकी सेक्टर-9ए में परचून की दुकान है। रात को दुकान बंद की थी। इसी रात चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। कुंडी काटकर चोर घर के अंदर घुसे। दुकान के गले से नकदी चुरा ली और इसके बाद मकान में घुसकर अलमारी खंगाल डाली। अलमारी से डेढ़ लाख की नकदी और बच्चों के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। वहीं, रामहेर शर्मा के मकान में भी चोरी हुई है। बताया जा रहा है कि रात को जब परिवार सो रहा था तो अज्ञात चोर मकान में घुस गए। खिड़की और दरवाजे तोडने के प्रयास किए गए। मकान में दाखिल होने के बाद चोरों ने सामान खंगाल डाला। इस कद्र वारदात को अंजाम दिया कि परिवार सोता रह गया। इस मकान से करीब 22 हजार रुपये सहित चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आ रही है। उधर, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। चौकी प्रभारी अंकित का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द से जल्द मामले को सुलझाने का प्रयास रहेगा।