संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। बादली इलाके में भी चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब यहां एक परचून की दुकान और टेलीफोन एक्सचेंज में चोरी होने के मामले सामने आए हैं। शिकायतों के आधार पर बादली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।
पुलिस को दी शिकायत में माजरी के निवासी विकास का कहना है कि बादली में इस्माइलपुर रोड पर उसकी परचून की दुकान है। रात को दुकान बंद करके गया था। अगली सुबह करीब 9 बजे गया तो शटर उखड़ा हुआ था। ताले टूटे हुए थे। अंदर देखा तो सारा सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर काउंटर में रखी सात हजार रुपये की नकदी, एलसीडी टीवी, डीवीआर, साबुन, तेल सहित अन्य सामान गायब मिला। अपने स्तर पर जांच की, लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं चला। वहीं बीएसएनएल बहादुरगढ़ के दूर संचार अधिकारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि बादली टेलीफोन एक्सचेंज उनके अधीन आता है। वहां से किसी अज्ञात ने इंडोर ऐसी की तीन बैट्रियां चुरा ली। इससे निगम को नुकसान हुआ है। काम भी बाधित हुआ है। अपने स्तर पर जांच करने के बाद भी चोरों का कुछ पता नहीं चला। इन दोनों शिकायतों पर बादली थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।