बहादुरगढ़। शहर के कबाड़ी मार्केट में स्थित एक मकान में चोरी हो गई। अज्ञात चोर मकान में घुसे और नकदी, आभूषण तथा मोबाइलों पर हाथ साफ कर गए। अल सुबह जब परिवार के सदस्यों की आंख खुली तो वारदात का पता चला। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अजय का कहना है कि वह कबाड़ी मार्केट स्थित एक मकान में प्रथम तल पर रहता है। एक सैलून में काम करता है। शुक्रवार की रात को परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। एक तरफ का दरवाजा खुला था। करीब साढ़े तीन बजे आंख खुली तो देखा कि अलमारी खुली पड़ी थी। इसके बाद शंका हुई तो जांच की। अलमारी से करीब दस हजार रुपये, दो जोड़ी पायल और एक सोने का ओम गायब था। वहीं कमरे में रखे दो मोबाइल भी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अजय की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। आसपास सीसीटीवी फुटेज चेक की जाएगी। जल्द से जल्द वारदात सुलझाने का प्रयास रहेगा।