सतनाली। राजकीय महाविद्यालय सतनाली में एसडीएम योगेश सैनी ने महाविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें सिविल सर्विसेज की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए योगेश सैनी ने सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास व सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाचार-पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान बढ़ाने, समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। प्राचार्य डॉ. सुधीर लांबा ने एसडीएम योगेश सैनी का आभार जताया।