डीघल टोल प्लाजा पर किसानों को संबोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा। संवाद
- फोटो : Jhjhar
बेरी। टोल पर बैठे किसानों को समर्थन देने के लिए बुधवार को राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा और बेरी हलके के विधायक रघुबीर सिंह कादयान पहुंचे। दीपेंद्र ने बुधवार को तीन नगर निगम और कुछ परिषदों के आए परिणाम को कांग्रेस के लिए सुखद और भाजपा-जजपा के लिए चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि परिणाम बताते हैं कि बरौदा उपचुनाव के बाद भाजपा को शहरों में भी नकारा जाने लगा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया था, लेकिन भाजपा ने उसे मरे जवान, मरे किसान के रूप में तब्दील कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि ऐसे शांतिप्रिय आंदोलन कभी नहीं हुए हैं। अगर सरकार नहीं मानती है तो किसानों को इसी तरह से शांतिप्रिय आंदोलन चलाते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोड़कर किसानों की बात मान लेनी चाहिए। अपनोें के सामने झुकने से और उनकी मांगें मानने से कोई छोटा नहीं होता। पूर्व स्पीकर डॉ. कादयान ने कहा कि सरकार को जल्द से कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। इस मौके पर भाकियू के हरियाणा प्रदेश महासचिव डिंपी अहलावत, अहलावत खाप के प्रधान जयसिंह अहलावत, पूर्व सरपंच हंसराज डीघल, सतपाल पहलवान, युवा किसान बिजेंद्र, श्रीओम अहलावत बहराना, जिला परिषद तस्वीर अहलावत, हरियाणा स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के झज्जर जिलाध्यक्ष रवि कादयान, हरियाणावी कलाकर देव कुमार देवा, पूर्व सरपंच मागेंराम और रिंकू मौजूद रहे।