बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद गांव में स्थित रुहिल रेजीडेंसी की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान देने वाले युवक-युवतियों के शवों का पोस्टमार्टम रविवार को हो गया। इसके बाद परिजन नम आंखों के साथ दोनों के शवों को अपने साथ देहरादून ले गए। अभी तक झगड़े के बाद ही आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने भी किसी तरह की शंका नहीं जताई। लिहाजा पुलिस ने मामले में 174 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी पुलिस को इंतजार रहेगा। मामले में जांच जारी है।
करीब 25 वर्षीय गर्वित और 22 वर्षीय नंदिनी उत्तराखंड में देहरादून के रहने वाले थे। पेशे से कलाकार थे और यूट्यूब, फेसबुक आदि के लिए वीडियो, शार्ट मूवी आदि बनाते थे। कुछ समय पहले बहादुरगढ़ में आए थे और यहां रुहिल रेजीडेंसी में सातवीं मंजिल पर बने फ्लैट में रह रहे थे। शनिवार की सुबह दोनों के शव बिल्डिंग से नीचे गिरे मिले थे। सूचना पाकर सेक्टर-6 थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों के आने के बाद रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक-युवती पिछले करीब चार साल से साथ रह रहे थे। यहां अपनी टीम सहित रह रहे थे। इससे पहले वे मुंबई में रहते थे। बाकी चार-पांच युवक अन्य कमरों में रह रहे थे। चंद दिनों से गर्वित यहां नहीं था। शनिवार की अल सुबह आया था। पुलिस ने उनकी टीम के सदस्यों से बातचीत की तो सामने आया कि दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद ही उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया। दूसरी तरफ परिजनों ने भी किसी तरह की शंका या आरोप नहीं जताया। जांच अधिकारी जगबीर सिंह का कहना है कि परिजनों के बयान के बाद शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
-फोटो 78 : नंदिनी की मौत पर बहादुरगढ़ अस्पताल में विलाप करते पिता व भाई।
-फोटो 79 : बहादुरगढ़ अस्पताल में शव लेने पहुंचे मृतक गर्वित के परिजन।