-फोटो 4 : श्रमिक के शव को ऑटो में ले जाते पुलिस व परिजन।
बहादुरगढ़। शहर के लाइनपार क्षेत्र में रविवार को एक मकान की छत पर हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी शव को एक ऑटो में डालकर ले गए। इससे लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की निंदा की। इतना ही नहीं, मामले की कवरेज कर रहे एक मीडियाकर्मी पर ही पुलिसकर्मी भड़ास निकालने लगे।
दरअसल, लाइनपार में आंबेडकर भवन के पास श्रमिक एक घर की छत पर काम करने के लिए गया था। काम करते वक्त वह हाईटेंशन तार के पास से गुजरने लगा, तभी इसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर के 22 वर्षीय लक्ष्मण के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस ने शव को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस तक मंगाना उचित नहीं समझा। बल्कि मृतक के परिजनों को ही शव को अस्पताल ले जाने के लिए ऑटो बुलाना पड़ा। जिस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, मामला कैमरे में कैद होने से कहीं पुलिस की किरकिरी न हो जाए इसलिए पुलिसकर्मी आपा खो बैठे। वह ऑटो से उतर सीधे कैमरा पर्सन के कैमरे पर लपक पड़े और उसे बंद करवा दिया। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी प्रवीन ने पुलिस को असंवेदनहीन बताते हुए कार्यशैली की निंदा की।
घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तारों से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। लोगों ने इस घटना को स्थानीय नेताओं और अधिकारियों की गलती बताया है। सुरेंद्र ने कहा कि यहां के लोग लंबे समय से घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन तारों को हटाने की मांग कर रहे हैं। मौजूदा विधायक राजेंद्र जून, पूर्व विधायक नरेश कौशिक और मौजूदा नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी, पूर्व चेयरपर्सन शीला राठी से मिलकर इन तारों को हटाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन न तो नेता और न ही अधिकारियों ने इस ओर कभी ध्यान दिया। जिसका खामियाजा यहां के आम लोगों को अपनी जान गंवा कर उठाना पड़ रहा है।
हाईटेंशन लाइन हटाओ संघर्ष समिति के प्रधान पूर्व पार्षद वजीर सिंह राठी ने कहा कि लोग इन तारों की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष सरोज रमेश राठी ने कहा कि परिषद शहर की कई लाइनों को हटवा चुकी है और बाकी समस्या को लेकर भी गंभीर है। समाधान अवश्य किया जाएगा।