बहादुरगढ़। नगर के पुराना नजफगढ़ रोड बाजार में प्राइवेट बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक की पिटाई कर बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और 50 हजार रुपये मांगे। महीने के पहले सप्ताह में भी बदमाश ने बैंक प्रबंधक से रंगदारी मांगी थी। बैंक मैनेजर ने पैसे नहीं दिए तो बदमाश ने पिटाई की और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है की यह युवक बैंक प्रबंधक से पहले भी पांच हजार रुपये की वसूली कर चुका है। बैंक प्रबंधक ने शहर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तरसेम कुमार पुत्र चांदराम शहर के लाइनपार क्षेत्र की कॉलोनी जोहरी नगर में रहते हैं। वह बहादुरगढ़ के यस बैंक में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह नयागांव में एचडीएफसी बैंक की शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। तरसेम ने बताया कि इसी गांव का सुमित पुत्र बलवान सिंह अपराधी किस्म का लड़का है और उस पर कई मुकदमे भी दर्ज हैं। उसने रंगदारी के रूप में पांच हजार रुपये लिए थे। उस समय उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। इसी बात से परेशान होकर उन्होंने नयागांव से नौकरी छोड़कर यस बैंक बहादुरगढ़ में नौकरी कर ली। बताया कि होली से दो तीन दिन पहले सुमित यस बैंक में आया और धमकी देकर गया और 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद 19 मार्च की शाम करीब पौने पांच बजे वह मेन बाजार बहादुरगढ़ में किसी काम के लिए गए हुए थे। वह जैसे ही पुराना नजफगढ़ रोड की तरफ मुड़े तो सामने से सुमित अपनी गाड़ी से आया और सरेराह उनके साथ मारपीट करने लगा। पिस्तौल दिखाकर बोला कि 50 हजार रुपये दे नहीं तो जान से मार दूंगा। उन्होंने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई तो वह लोगों को आते देख गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। तरसेम बाद में इसकी शिकायत थाना शहर पुलिस को दी और सुमित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार आरोपी सुमित के खिलाफ मामला दर्ज कर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।