31jjrp17 झज्जर बाबा कांशीगिरि मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रस्तुति देते ह
झज्जर। मंदिर बाबा कांशीगिरि में जारी 78वें वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन आयोजित तरंगोत्सव में कृष्ण भक्ति का रस जमकर बरसा। वृंदावन के बरसाना से पहुंची गायक कलाकार ब्रज रसिका पूनम परदेसी ने जैसे ही कृष्ण नाम धुन छेड़ी, कार्यक्रम में उपस्थित भक्तजन जमकर थिरकने लगे। पूनम परदेसी ने एक के बाद एक कृष्ण भक्ति से सराबोर भजनों की शानदार प्रस्तुति दी ।
शनिवार को ही भगवान कृष्ण का छठी उत्सव भी था। पूनम परदेसी ने बधाई गीत गाया और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को बधाई भी दी। वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन का आगाज भी गायक कलाकार योगेश रंजन व उनकी पार्टी ने बाबा कांशीगिरि के मधुर भजनों से किया। तृतीय दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए झज्जर शहर के अलावा अन्य कई शहरों से भी भक्तजनों ने झज्जर पहुंचकर बाबा कांशीगिरि के पावन डंडे का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे बाबा कांशीगिरि धाम हरिद्वार के प्रधान नरेंद्र मदान ने बाबा कांशीगिरि की महिमा के बारे में बताया।
आज होगा समापनः
तीन दिन से जारी मंदिर बाबा कांशीगिरि के वार्षिकोत्सव का आज समापन हो जायेगा। समापन अवसर पर पहले पूर्णाहुति यज्ञ व बाबा का संकीर्तन होगा, बाद दोपहर बाबा की महाआरती के बाद समष्टि भंडारा होगा। दूर-दराज से बाबा के भक्त उन्हें शीश निवाने झज्जर पहुंच उनके पावन डंडे का आशीर्वाद लेगे। शनिवार को हुए कार्यक्रम के दौरान मंदिर संरक्षक श्रवण मदान, प्रधान हिमांशु हंस ,नरेन्द्र मदान, पदम् खट्टर व महिला मंडली की सदस्य सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।