साल्हावास। शनिवार को तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। विधायक गीता भुक्कल ने कई गांव का दौरा कर क्षतिग्रस्त फसलों का मुआयना किया। किसान और सरपंचों से बात की। उन्होंने पीड़ित किसानों को मुआवजे की मांग उठाते हुए कहा कि वे सोमवार को विधान सभा में ये मुद्दा उठाएंगी।
विधायक गीता भुक्कल ने रविवार को अकेहड़ी मदनपुर, लडायन, बिरड़, नौगांवा, सुंदरेहटी आदि गांवों के खेतों में जाकर क्षतिग्रस्त फसल का मुआयना किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के सरपंच व किसानों से बातचीत की। 36 जाखड़ खाप के लडायन स्थित चबूतरे पर विधायक गीता भुक्कल ने विभिन्न गांवों के किसानों से फसलों के बारे में बात की। किसानों ने उनसे कहा कि सरसों, गेहूं की तैयार फसलों को नुकसान हुआ है। विधायक ने किसानों के समक्ष ही उपायुक्त शक्ति सिंह और एसडीएम से फोन पर बात की और उन्हें ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल के लिए गिरदावरी करवाने के लिए कहा। उपायुक्त से कहा कि किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा किसानों को दिलाएं। उन्होंने कहा कि फिलहाल विधानसभा का सत्र चला हुआ जिसमें ओलावृष्टि से किसानों की नष्ट हुई फसल का मुद्दा बड़े जोरशोर से उठाया जाएगा। और किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा। किसानों का कहना था कि साल्हावास क्षेत्र में शनिवार सायंकाल हुई ओलावृष्टि व बारिश से किसानों की हजारों एकड़ सरसों व गेंहू की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेता रिटायर्ड एसीपी राजवीर जाखड़, लड़ायन के पूर्व सरपंच सुनील जाखड़, अकेहड़ी मदनपुर, बिरड, लडायन, सुंदरेहटी आदि गांवों के पंच-सरपंच और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।