झज्जर। महिला थाना पुलिस की टीम ने घर से नाराज होकर झज्जर में घूम रही गुरुग्राम क्षेत्र की एक लड़की को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। 14 वर्षीय लड़की की मोबाइल फोन को लेकर मां के साथ बहस हो गई। इससे नाराज होकर वह मंगलवार को झज्जर आ गई थी। महिला थाना प्रबंधक निरीक्षक राजेश ने बताया कि थाना की पुलिस टीम गश्त पर थी। बुधवार की सुबह करीब 5 बजे झज्जर के छिक्कारा चौक पर एक लड़की डरी-सहमी हुई सी दिखाई दी, जिससे पूछताछ की तो वह रोने लगी। उसने बताया कि मां के डांटने पर वह अपने घर से भाग कर यहां आ गई है। इस पर पुलिस टीम ने लड़की को महिला थाना झज्जर में ले गई और उनके परिजनों के बारे में जानकारी लड़की से लेकर उसके परिजनों को सूचना दी गई। इस पर लड़की के परिजन व गुड़गांव पुलिस की टीम पहुंची। संवाद