झज्जर। इंडियन नेशनल लोकदल के सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम मंत्री और हरियाणा की गठबंधन सरकार तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं। विपक्षी नेताओं को डराने और धमकाने का खेल खेला जा रहा है मगर शायद ये भूल बैठे हैं कि यहां जनता सब हिसाब रखती है। अब लोग न तो भाजपा के बहकावे में आएंगे और न ही कोई दूसरी पार्टियां अपने मंसूबों में कामयाब होगी। लोगों को याद है कि जब इनेलो की सरकार थी तो सरकार उनके घर द्वार तक पहुंचती थी और आज जनता ही सरकार के दरबार तक नहीं पहुंच पाती ।
इनेलो की परिवर्तन यात्रा आपके द्वार का मंगलवार को जिले में प्रवेश हो गया। इस मौके पर बेरी क्षेत्र के दुबलधन गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हएु इनेलो नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि इनेलो की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा को लेकर प्रदेशवासियों में न केवल उत्साह है बल्कि पार्टी का हर कार्यकर्ता भी जोश के साथ आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है और इसी जोश और समर्थन के लिहाज से अब साफ है कि प्रदेश में अगली सरकार इनेलो की बनेगी। चौटाला ने कहा कि अब समय बदलाव का है और इस बदलाव की बयार अब पूरे प्रदेश के साथ-साथ देशभर में अपना असर दिखा रही है। देश में इस तानाशाही सरकार का जाना तय है तो वहीं हरियाणा में भी लूट खसोट करने वाली इस गठबंधन सरकार का सूपड़ा साफ होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के चुनावों में जहां देश में एक नई सरकार बनेगी तो वहीं हरियाणा में इनेलो की सरकार होगी। उन्होंने वादा किया कि इनेलो की सरकार आने पर बेरी में शुगर मिल को स्थापित किया जाएगा और इसके साथ ही हरियाणा को एक विकसित राज्य बनाया जाएगा। युवाओं को रोजगार के साधन मिलेंगे तो वहीं कामगारों को काम के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। किसानों के लिए विशेष सुविधाओं और योजनाओं को लागू किया जाएगा तो हरियाणा में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और खेल को दुरुस्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपने हक अधिकार के लिए दर-दर ठोकरें खानी पड़ रही है, कहीं कोई सुनवाई नहीं है। ग्राम पंचायतों से लेकर हर वर्ग के लोग सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि जब हरियाणा में लाखों युवक बेरोजगार हैं, मजदूरों के पास काम नहीं है, किसान परेशान है, आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है, स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक की सुविधाएं नहीं है, विभागों में कर्मचारियों का टोटा है। अब लोग स्वयं भी अपनी बही खाता लेकर बैठे हैं। सत्ता के इन अहंकारियों को अपनी गलत और फरेब वाली नीति का खामियाजा भुगतना ही पड़ेगा। इनेलो सुप्रीमो इस यात्रा के तहत गांव दुबलधन पहुंचे तो लोगों के जोश और उत्साह के साथ स्वागत किया। महिलाएं मंगल गीत गाकर यात्रा में पैदल चल रहे लोगों का उत्साहवर्धन कर रही थीं तो लोगों ने भी इनेलो सुप्रीमो के समर्थन में जोरदार जयघोष किए।