झज्जर। पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा की जिला झज्जर की मीटिंग डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन भवन में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रोफेसर पुष्पेंद्र कादियान ने की। जिला के पदाधिकारियों ने आगामी 11 फरवरी को जींद में होने वाली पेंशन महासंकल्प रैली को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रोफेसर पुष्पेंद्र कादियान एवं झज्जर जिला अध्यक्ष नव बहार यादव ने बताया कि 11 फरवरी को जींद के एकलव्य स्टेडियम में होने वाली पेंशन महा संकल्प रैली ऐतिहासिक होने वाली है। इस रैली में हरियाणा के सभी विभागों के कर्मचारी लाखों की संख्या में हिस्सा लेंगे और सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी को जिम्मेदारियां सौंप गई और संपर्क अभियान तेज करने का संकल्प लिया गया।