झज्जर। शहर का मुख्य बाजार को जल्द ही बार बार लगने वाले बिजली कटों से निजात मिलेगी। बिजली निगम ने बाजार के जर्जर तार बदलने का काम शुरू कर दिया है। बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए दो ट्रांसफार्मर भी लगा दिए गए हैं। 12 लाख रुपये खर्च कर बाजार को जगमगाने की तैयारी तेजी से चल रही है।
शहर के मुख्य बाजार में बिजली निगम की ओर से करीब 12 लाख रुपये की लागत से बाजार को जगमग करने की योजना के चलते काम किया जा रहा है। शहर के डाकघर से लेकर मुख्य बाजार के बिजली की जर्जर तारों को बदलकर नई एलटी व एसटी केबल विभाग की ओर से लगाई जा रही है। शहर के बाजार में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए 200 केवी व 100 केवी के दो ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके है, ताकि बिजली के लोड के कारण केबल जले नही ओर बिजली सुचारू तौर पर लोगों को मिलती रहे।
दरअसल अघोषित कटों से परेशान व्यापार मंडल के सदस्य व पदाधिकारी कई बार अधीक्षण अभियंता से अपनी मांगों को लेकर मिल चुके हैं। जिसके तहत बिजली के तारों को बदलने का काम किया जा रहा है। मुख्य बाजार में भीड़ ज्यादा होने के कारण प्रतिदिन काम निगम के कर्मचारियों से नहीं किया जा सकता। जिसके चलते कुछ देरी भी हो रही है। गौरतलब है कि शहर का मुख्य बाजार क्षेत्र का सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाला है जिसके कारण बिजली के तारों को बदलने खंभे गाडने, ट्रांसफार्मर रखने और अन्य कई काम प्रभावित होते हैं जिसके कारण बिजली निगम के कर्मचारियों ने रविवार का दिन चुना है। क्योंकि रविवार के दिन व्यापारी व दुकानदार छुट्टी कर लेते हैं जिसके कारण बिजली निगम के कार्य कर्मचारी अपना तार बदलने, खंभे लगाने व अन्य काम आसानी से कर सकते हैं। व्यापार मंडल के प्रधान राकेश अरोड़ा ने बताया कई बार बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता से शहर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मिल चुके हैं जिस पर उन्होंने संज्ञान लिया है और लाखों की लागत से शहर के मुख्य बाजार की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि सुबह से ही काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है ताकि शहर के व्यापारियों, दुकानदारों आम जन को परेशानी का सामना ना करना पड़े। मुख्य बाजार की लाइट को दुरुस्त व सुचारू करने के लिए 200 केवी व 100 केवी का ट्रांसफार्मर रखा गया है जो कि अगले रविवार तक सभी लाइने, कनेक्शनों को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
वर्जन:
शहर के मुख्य बाजार में बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए उन्होंने कर्मचारियों के साथ दौरा किया है और व्यवस्था को दुरूस्त करवाने के लिए बिजली की तारे ट्रांसफार्मर बदलवाने का काम किया जा रहा है। बिजली संबंधी परेशानी नहीं आने दी ।
सौरभ, एसडीओ, बिजली निगम झज्जर