बादली। बादली सहित तीन गांवों में पंचायती चुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। प्रशासन की ओर से वार्डबंदी का काम पूरा कर लिया है। वार्डबंदी के लिए ग्रामीणों से अब आपत्तियां मांगी गई लेकिन कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। अब प्रशासन की ओर से 27 दिसंबर को वार्डबंदी का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
तीनों गांवों में वार्डबंदी से पंचायती चर्चाओं से राजनीतिक माहौल गर्म है। जिस प्रकार से वार्डबंदी का काम जारी हो गया है, उसी प्रकार से गांवों के चौक चौराहों पर चुनाव को लेकर माहौल बनने लगा है। गांव में हर हुक्के पर पंचायती चुनाव की चर्चाएं हो रही है। ग्रामीण पिछले लंबे समय से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं ।
चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों ने भी लोगों के बीच हाजिरी बढ़ा दी है। गांवों में मौहल्ले, ठोलों और परिवार सहित विभिन्न तरह से लोगों को लुभाने का प्रयास होने लगा हैं। बादली, पाहसौर और एमपी माजरा गांव को ढाई साल पहले नगर पालिका का दर्जा दिया गया। बाद में ग्रामीणों ने एतराज किया तो जनमत संग्रह से एक बार फिर पंचायत बहाल करवाई गई। पिछले साल अक्तूबर में हरियाणा में हुए पंचायत के आम चुनाव में तीनों गांवों को शामिल नहीं किया गया जबकि संभावित उम्मीदवारों ने प्रचार शुरू किया। लंबा समय होने के चलते चुनाव की चर्चाएं समाप्त हो गई। लेकिन अब एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चाएं होने लगी हैं।