बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक मार्ग स्थित पुराने औद्योगिक क्षेत्र के दिन जल्द ही बहुरेंगे। यहां पर टूटी सड़कों, नई सीवर लाइन, पानी की निकासी के लिए नालियों और बरसाती पानी के लिए डिस्पोजल प्लांट बनाया जाएगा। यह कार्य एक महीने में शुरू होंगे। सात करोड़ रुपये से क्षेत्र की सूरत बदली जाएगी।एचएसआईआईडीसी जल्द ये काम शुरू कराएगा। इसके बाद उद्यमियों व श्रमिकों को काफी सुविधा होगी।
उद्यमी गौरव कुमार, दीपक गुप्ता ने बताया कि पुराना औद्योगिक क्षेत्र काफी समय से स्थित है। यहां काफी संख्या में छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां हैं, लेकिन यहां की सड़कें पूरी तरह से टूटी हुई हैं। सीवर लाइन अक्सर जाम रहती है। पानी निकासी के लिए नालियां बंद हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को इस संबंध में अवगत भी कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब एचएसआईआईडीसी की तरफ से 6 करोड़ 91 लाख 80 हजार 682 रुपये खर्च करके यहां पर विकास कराया जाएगा। काफी समय से उद्यमी मूलभूत सुविधाओं से काफी परेशान थे। अब उनकी समस्या जल्द ही खत्म होने वाली है।
औद्योगिक क्षेत्र में ये होंगे कार्य
दो किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। ढाई किलोमीटर वाटर सप्लाई लाइन डाली जाएगी। एक डिस्पोजल प्लांट में सबवैल बनेगा। दो मोटर लगाई जाएंगी। जहां-जहां सीवर लाइन डैमेज हैं वहां पर नई सीवर लाइन डाली जाएगी। सिविल अस्पताल के साथ लगती सड़क पर नई सीवर लाइन डाली जाएगी। वहीं कबीर बस्ती और औद्योगिक क्षेत्र के बीच ग्रीन बेल्ट के पास बरसाती पानी की निकासी और सीवर लाइन डाली जाएगी। कई और मरम्मत आदि कार्य होंगे।
वर्जन...
6 करोड़ 91 लाख 80 हजार 682 रुपये में पुराना औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सड़के, नई सीवर लाइन, डिस्पोजल प्लांट में सबवैल, सिविल अस्पताल के साथ लगती सीवर लाइन को भी बदला जाएगा। यह कार्य अगले एक महीने के अंदर शुरू हो जाएंगे। विभाग की ओर से सहमति मिल गई है।
-नवीन मलिक, सीनियर मैनेजर, एचएसआईआईडीसी बहादुरगढ़