बहादुरगढ़। निलोठी के पास से गुजर रही एनसीआर माइनर में डूबे युवक का शव चार दिन के बाद सोमवार की सुबह मिला। आसौदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए रोहतक भेजा गया है।
बता दें कि बिहार मूल का एक परिवार रोहतक जिले के गांव हसनगढ़ स्थित ईंट-भट्टे पर काम करता है। इस परिवार का बेटा करीब 14 वर्षीय शंकर वीरवार को अपने अन्य साथियों के साथ नहाने के लिए निलोठी के पास एनसीआर माइनर पहुंचा। माइनर गहरी है और बहाव भी तेज था, इसलिए नहाते वक्त शंकर डूब गया। जब तक बचाव कार्य शुरू होता, देर हो चुकी थी। सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला तो गोताखोरों और बोटिंग टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम लगातार चार दिन से किशोर को तलाश रही थी। सोमवार की सुबह किशोर का शव घटना से कुछ दूरी पर मिला है। शव बुरी तरह गल चुका है। शव गली सड़ी अवस्था में होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया। संवाद