बादली। एक लाख रुपये के इनाम के लिए बादली में चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। तीसरे दिन पानीपत के सिवाय, बादली के हनुमान क्लब, रिवाड़ी, प्रशांत क्लब लोवा और झज्जर की टीमों ने अगले दौर में प्रवेश किया जबकि रायल क्लब बादली, जींद और दुल्हेड़ा की टीम मैच हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
शनिवार को पहला मुकाबला पानीपत की सिवाय और बादली के रायल क्लब के बीच खेला गया। मैच में शुरू से ही पानीपत की टीम ने दबाव बनाया और चार गोल दागकर मैच अपने पक्ष में कर लिया। दूसरा उझमा जींद और हनुमान क्लब बादली के बीच हुआ, इसे हनुमान क्लब बादली ने जीतकर अगले दौर में स्थान बनाया। मैच के दौरान बादली की ओर से दनादन दो गोल किए गए जबकि जींद की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। वहीं एक अन्य मुकाबले में पैनल्टी शूट आउट से खेड़ी जट्ट और बादली के मोहनदास के बीच फैसला हुआ। बादली की मोहनदास बी टीम प्रशांत क्लब लोवा से हार गई। लोवा की टीम ने तीन गोल किए जबकि बादली की ओर से कोई गोल नहीं किया। इसी प्रकार से झज्जर बी टीम ने दुल्हेड़ा को हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में स्थान पक्का किया। प्रतियोगिता के दौरान स्पोट्स सोसाइटी के प्रधान विक्की, रामभगत, अशोक शोकी, मास्टर रणबीर गुलिया, डीआरए स्कूल से सतपाल गुलिया, ऋषि डागर, संदीप बादली, महेन्द्र सिंह, सोनू, मोनू और जसबीर सहित काफी संख्या में ग्रामीण और फुटबाल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और पंजाब सहित कई क्लबों ने भाग लिया है। गोवा पुलिस, रिलायंस क्लब की टीमों सहित कुल 44 टीमों ने भागीदारी की है। विजेता टीम को एक लाख रुपये, उपविजेता को 71 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।