बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के खिलाड़ियों ने दिल्ली में 24 और 25 जुलाई को आयोजित प्रतिष्ठित हाइरॉक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया। 41-45 वर्ष आयु वर्ग की प्रो कैटेगरी में तरुण दलाल ने रजत पदक जीतते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि 55-59 वर्ष आयु वर्ग में राजेश रघुवंशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। बीआरजी के संस्थापक दीपक छिल्लर ने बताया कि देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच दोनों खिलाड़ियों ने फिटनेस, सहनशक्ति और मानसिक मजबूती का बेहतरीन प्रदर्शन किया। हाइरॉक्स दुनिया की सबसे कठिन फिटनेस प्रतियोगिताओं में शामिल है, जिसमें आठ किलोमीटर दौड़ के साथ आठ फंक्शनल वर्कआउट पूरे करने होते हैं। उन्होंने कहा कि बीआरजी अब केवल रनिंग ग्रुप नहीं, बल्कि फिटनेस के क्षेत्र में मजबूत पहचान बना चुका है। समूह के सदस्य लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर युवाओं को स्वस्थ और फिट जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।