झज्जर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग तथा खादी और ग्रामोद्योग आयोग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की।
खादी और ग्रामोद्योग विभाग से कार्यक्रम आयोजक राहुल चौहान ने बताया कि यह योजना आईटीआई विद्यार्थियों को अपना रोजगार स्थापित करने में आर्थिक और सामाजिक रूप से कारगर है। प्राचार्य जीतपाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ट्रेनिंग उपरांत स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग बहादुरगढ़ की सहायक निदेशक नीलम ने बताया कि अपने सपनों को उड़ान देने के लिए छात्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ उठा सकते हैं और इसके लिए सरकार विशेष लोन और सब्सिडी का प्रावधान कर रही है।
जिला खादी और ग्रामोद्योग अधिकारी प्रमोद कुमार ने भी विद्यार्थियों को इस योजना के बारे में अवगत कराया और स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता के बारे में जागरूक किया। साथ ही आवेदन करने के लिए भी विद्यार्थियों को समझाया गया। इस मौके पर संस्थान के सभी स्टाफ सदस्य और विभिन्न व्यवसायों के छात्र मौजूद रहे।