संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला नापतौल विभाग पूरी तरह से अलर्ट नजर आया। नापतोल विभाग ने झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ के अलावा अन्य करीब 40 जगह पर छापे मारे। 15 दुकानदारों को नोटिस भी दिए गए हैं।
जिला नापतोल अधिकारी नितिन सूरा ने बताया कि उन्हें सूचना मिल रही थी कि जिले में दुकानदार उपभोक्ताओं को डिब्बे के साथ कम तोलकर सामान दे रहे हैं और पूरा पैसा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की ओर से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि दुकानदार पूरे पैसे लेने के बावजूद कम सामान दे रहे हैं और और पैसा पूरा ले रहे हैं।
खाद्य पदार्थ पैकेट पर रेट से ज्यादा पैसा भी दुकानदार ग्राहकों से ऐंठ रहे हैं। इसे लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सबसे ज्यादा हलवाइयों की दुकान पर छापे मारे हैं। हलवाई मिठाई लेते वक्त डिब्बे समेत तोलते हैं, जिसमें डिब्बे में ही करीब 200 ग्राम वजन हो जाता है और ग्राहक को 1000 ग्राम यानी एक किलोग्राम का पूरा सामान नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि लगातार यह घटनाएं हो रही थी।