बहादुरगढ़। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल घटना को इत्तेफाक मानकर कार्रवाई की है।
मृतकों की पहचान जुगल निवासी बिहार व कानोंदा निवासी राकेश के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार निवासी जुगल शहर की अग्रवाल कॉलोनी में रहता था और राज मिस्त्री का काम करता था। माैत की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने शहर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जुगल चार बच्चों का पिता था। उसकी मौत किसी बीमारी के चलते हुई या फिर इसके पीछे अन्य कोई वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
गांव कानोंदा में भी राकेश नामक व्यक्ति की मौत हो गई। सदर थाने के मामले की जांच कर रहे अधिकारी राजू ने बताया कि सोमवार को राकेश अचानक गली में गिर गया। उसे उपचार के लिए जब बहादुरगढ़ लाया जा रहा था तो उसने दम तोड़ दिया। परिजन उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आये तो चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में घटना को इत्तेफाक मानकर कार्रवाई की है। राकेश की मौत किन कारणों के चलते हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।