झज्जर। दो दिन से धूप नहीं निकली। पूरा दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। दो दिन से फिर से ठंड बढ़ती जा रही है। बच्चे और बुजुर्ग ठंड की चपेट में आ रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। मंगलवार को पूरा दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। तेज शीत लहर के कारण ठंड ने लोगों को कंपकंपाने का काम किया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले दो दिन से लगातार हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम देखने को मिल रहा है। कोहरा, कोल्ड डे के साथ ही ठंडी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। रात्रि तापमान एकल संख्या में बने हुए हैं। शीतलहर अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए। आमजन कड़ाके की ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले काफी दिनों से ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। ठंड के सभी रूप देखने को मिल रहें हैं। बुधवार को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ संपूर्ण इलाके से आगे निकल जाएगा, जिसकी वजह से एक बार फिर हवाएं उत्तरी बर्फीली चलने लगेगी, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में कड़ाके की हाड़ कंपा देने वाली ठंड से अभी राहत के आसार नहीं हैं। संपूर्ण इलाके में अभी नमी में प्रचुरता होने की वजह से कोहरा, कोल्ड डे और कोल्ड वेब अपने प्रचंड तेवर दिखातीं रहेंगी।