साल्हावास। 42वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप उत्तराखंड के हरिद्वार में 27 से 29 जून को संपन्न हुई। इसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहू की 12वीं कक्षा की छात्रा सनम ने जूनियर वर्ग में सिल्वर पदक व कक्षा आठवीं की लक्षिता ने सब जूनियर वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त करके गांव व विद्यालय का नाम रोशन किया। इन दोनों होनहार छात्राओं का विद्यालय में पहुंचने पर विद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद व स्टाफ सदस्यों ने फूलमाला पहना कर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति प्रधान रेखा व गांव के सरपंच प्रतिनिधि प्रेम नंबरदार तथा दोनों छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे। प्राचार्य ने कहा कि ये दोनों होनहार छात्राएं भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करके अपने भविष्य को उज्ज्वल करेगी व गांव का नाम रोशन करते हुए आने वाले समय में देश के लिए भी मेडल प्राप्त करेंगी।