बहादुरगढ़। बादली क्षेत्र गांव लाडपुर में अज्ञात शख्स ने मोबाइल व मनी ट्रांसफर की दुकान का ताला तोड़कर नकदी, लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में दुकानदार ने बादली थाना पुलिस में शिकायत देकर चोरी हुए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जितेंद्र ने बताया कि उसने गांव के ही बस स्टैंड पर प्रिंस इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल व मनी ट्रांसफर की दुकान कर रखी है। 26 नवंबर की शाम करीब 8 बजे वह अपनी दुकान अच्छी तरह से बंद करके घर चला गया। अगली सुबह जब वह दुकान पर आया तो उसने देखा कि दुकान के शटर का कुंदा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दुकान से एक लैपटॉप, कुछ नये मोबाइल व पांच रिपेयरिंग के लिए आए हुए मोबाइल के अलावा एक लाख रुपये की नकदी गायब मिली। बादली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद