बहादुरगढ़। सेवा सुरक्षा और सहयोग का नारा सार्थक करते हुए हरियाणा पुलिस इस वर्ष अब तक करीब 220 बिछड़ों को ऑपरेशन मुस्कान के तहत तलाशकर सकुशल उनके परिजनों से मिलवाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा चुकी है। इसी कड़ी में हरियाणा पुलिस द्वारा 1 जुलाई से 30 जुलाई तक एक विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया है। इसके तहत किसी न किसी कारण से अपने परिवार से बिछड़े लोगों को अपने अभिभावकों से मिलाने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा यह अनूठी पहल चलाई गई है। मुहिम को बेहतर ढंग से सार्थक करने के लिए पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा आईपीएस द्वारा थाना शहर बहादुरगढ़ में उप निरीक्षक जितेंद्र के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और उन्हें ऑपरेशन मुस्कान के तहत आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिनकी पालना करते हुए उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार की टीम द्वारा तीन दिन के अंदर ही पांच लड़कियों को बरामद करके उनके परिजनों से मिलवाया है।
इनको मिलवाया गया है परिवारों से
1. थाना लाइनपार बहादुरगढ़ क्षेत्र से लापता हुई एक 15 साल की लड़की को उत्तर प्रदेश से बरामद किया।
2. थाना बादली क्षेत्र से लापता बिहार निवासी एक लड़की को शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश से बरामद किया।
3. थाना लाइनपार बहादुरगढ़ से गुमशुदा एक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन रोहतक से बरामद किया।
4. बहादुरगढ़ क्षेत्र से लापता एक 18 वर्ष की लड़की को गोहाना, सोनीपत से बरामद किया।
5. थाना सेक्टर-6 एरिया से गुमशुदा एक व्यक्ति को ढूंढकर उनके परिजनों के हवाले किया।