एसपी से सम्मानित होने के बाद पुलिस टीम।
- फोटो : Jhjhar
एसपी राजेश दुग्गल ने जिले में डायल 112 के तहत इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल 350 पर तैनात पुलिस कर्मियों को उनके सराहनीय कार्य पर सम्मानित किया है। जिला निरीक्षक रणबीर सिंह ने बताया कि डायल 112 के अंतर्गत त्वरित पुलिस सहायता के लिए जिला के सभी थानों में दो-दो इनोवा गाड़ियां दी गई हैं। एसईआरसी पंचकूला की सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में तुरंत उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की जान बच गई। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल होकर एक व्यक्ति घायल हो गया है। एसईआरसी पंचकूला से मिली सूचना पर ईआरवी 350 पर तैनात उप निरीक्षक वीरेंद्र, सिपाही मंगत व सिपाही सोमबीर की टीम सूचना मिलने के 6 मिनट के अंदर दुर्घटना स्थल पर पहुंची। ईआरवी की टीम ने घायल व्यक्ति को सावधानीपूर्वक 20 मिनट के अंदर सिविल अस्पताल झज्जर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्परता से अस्पताल पहुंचाने तथा तुरंत उपचार दिला कर उसकी जान बचाने में श्रेष्ठ कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नकद इनाम व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी राजेश दुग्गल ने स्वयं ईआरवी टीम के पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया।