बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड में एसआईटी ने लाइनपार थाने में शुक्रवार को आरोपियों से दिनभर पूछताछ की। एफआईआर में दर्ज 10 में से चार आरोपियों को पुलिस ने नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था। इनमें भाजपा के पूर्व विधायक नरेश कौशिक, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा उर्फ पालेराम, कांग्रेसी नेता विजेंद्र राठी और संदीप राठी शामिल रहे।
अभी नप के पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी, उनके पुत्र कमल राठी, वर्तमान चेयरपर्सन सरोज राठी के पति रमेश राठी, पूर्व मंत्री स्व. मांगेराम के पुत्र सतीश राठी, मांगेराम के पौत्र गौरव व राहुल राठी से भी पूछताछ की जानी है। सभी एसआईटी ने घंटों तक पूछताछ की। वहीं घटना को छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन शूटर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
वीरवार को बहादुरगढ़ की लाइनपार थाना पुलिस ने आरोपियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। कांग्रेस नेता विजेंद्र राठी और संदीप राठी से पुलिस ने करीब चार घंटे तक पूछताछ की। वे सुबह के समय 11 बजे लाइनपार थाने में पहुंच गए थे और दोपहर 3 बजे तक उनसे पूछताछ हुई। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने नप की पूर्व चेयरपर्सन शीला राठी के पति विजेंद्र राठी व संदीप राठी से इनेलो परिवार के साथ विवाद और लेनदेन संबंधी पूछताछ की गई। उन्होंने पुलिस को स्पष्ट बताया कि नफे सिंह परिवार से उनका कभी कोई विवाद नहीं रहा है। कांग्रेस नेता विजेंद्र राठी 15 बार बहादुरगढ़ बार एसोसिएशन के प्रधान रह चुके हैं। उनके बेटे संदीप राठी पेशे से वकील हैं। कांग्रेस नेता संदीप राठी का कहना है कि वह पुलिस जांच में सहयोग के लिए हर समय तैयार हैं। नफे सिंह हत्याकांड से उनका कोई लेना-देना नहीं है। पीड़ित परिवार के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।
नप के वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा से ढाई घंटे पूछताछ
इसके बाद नप के वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा भी नोटिस के चलते थाने में पेश हुए। उनसे लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ हुई। पुलिस ने पूछताछ के लिए पूर्व विधायक नरेश कौशिक को भी नोटिस दिया था। कौशिक शाम 5:30 बजे पूछताछ में शामिल होने के लिए लाइनपार थाना पहुंचे। उनसे भी करीब दो घंटे तक पूछताछ हुई। नरेश कौशिक व पालेराम शर्मा ने कहा कि उन्हें जांच में शामिल होने के नोटिस मिले थे। नफे सिंह हत्याकांड की जांच में शामिल होने के लिए वे लाइनपार थाना पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब भी पुलिस नफे सिंह हत्याकांड में जांच के लिए बुलाएगी, वे तैयार हैं।
वर्जन
नफे सिंह हत्याकांड में एफआईआर में दर्ज चार लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस दिए गए थे। शुक्रवार को बहादुरगढ़ के लाइनपार थाने में पूर्व विधायक नरेश कौशिक, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल उर्फ पालेराम शर्मा, कांग्रेस नेता विजेंद्र राठी और संदीप राठी से घंटों तक पूछताछ की गई है। जरूरत हुई तो दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
-डॉ. अर्पित जैन, एसपी झज्जर।