बहादुरगढ़ में बाईपास पर स्थित बस स्टैंड।
बहादुरगढ़। जैसे-जैसे रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे ट्रेनों में टिकट बुकिंग कराने वाले लोगों की भीड़ बढ़ रही है। 19 अगस्त को रक्षाबंधन है। परेशानी यह है कि बहादुरगढ़ से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही हैं। बस स्टेशनों पर बसों की कोई नहीं मिल पा रही है। अब लोग दूसरे विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। कुछ तत्काल टिकट तो कुछ निजी वाहन बुक कराने में लगे हैं।
बहादुरगढ़ में ठहरने वाली प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) अभी मंगलवार तक 50 से 100 के पार तक पहुंचा चुकी है। रेलवे विभाग के अनुसार यूपी व बिहार जाने वाली गाड़ी में आने वाले दिनों में 150 से 200 वेटिंग पहुंचने की संभावना है। गोरखधाम, कालिंदी, अवध-आसाम, फरक्का में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है। अब तक रेल प्रशासन ने विशेष ट्रेन का संचालन करने की कोई भी घोषणा नहीं की है। बहादुरगढ़ रेल अधीक्षक यशपाल मीणा ने बताया कि रक्षाबंधन के त्यौहार पर बहादुरगढ़ से जा रही महिलाओं की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें संचालित की जा सकती है।
इधर, रोडवेज प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए यूपी, बिहार जाने के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था शुरू की जा सकती है। बहादुरगढ़ डिपो के एसएस सतीश ने बताया कि दिल्ली, अलीगढ़, आगरा, मुरादाबाद, लुधियाना, जालंधर, बैद्यनाथ व धर्मशाला जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे से बसों की व्यवस्था है।