बहादुरगढ़। नमो भारत और दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एनसीआरटीसी और डीएमआरसी द्वारा एकीकृत क्यूआर-टिकटिंग प्रणाली लाइव हो गई है। यात्री अब नमो भारत और मेट्रो सेवाओं के लिए एक साथ टिकट बुक कर सकते हैं। डीएमआरसी सारथी (मोमेंटम 2.0) ऐप के माध्यम से टिकट और आरआरटीएस कनेक्ट ऐप के माध्यम से दिल्ली मेट्रो क्यूआर कोड टिकट मिलेगा। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार और एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने अपने-अपने मोबाइल ऐप पर टिकट बुक करके इस एकीकृत टिकटिंग को आधिकारिक तौर पर लांच किया। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में यात्रा को और अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनाना है। डॉ. विकास कुमार और शलभ गोयल ने विश्वास जताया कि यह डिजिटल एकीकरण यात्रियों की राह तो आसान करेगा ही, साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित भी करेगा। यात्री अब आरआरटीएस कनेक्ट ऐप के माध्यम से दिल्ली मेट्रो का क्यूआर कोड टिकट और डीमएमआरसी मोमेंटम 2.0 ऐप से नमो भारत के लिए क्यूआर कोड टिकट बुक कर सकते हैं। इससे आरआरटीएस और दिल्ली मेट्रो दोनों में बिना किसी दिक्कत के टिकटिंग संभव होगी। आरआरटीएस और डीएमआरसी नेटवर्क का एकीकरण इस नई लांच की गई क्यूआर टिकटिंग प्रणाली के साथ और सुदृढ़ होगा तथा एनसीआर में निर्बाध यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करेगा। दोनों ही परिवहन प्रणालियां मल्टी मॉडल इंटिग्रेशन के तहत आपस में जोड़ी जा रही हैं। सरकार की वन-इंडिया, वन टिकट पहल के अनुरूप जिसका उद्देश्य यात्रियों के लिए इंटर-मॉडल यात्रा को यथासंभव सुविधाजनक बनाना है।