बेरी। थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव जहाजगढ़ में जमीनी विवाद के चलते गांव के सरपंच प्रतिनिधि व अन्य युवकों ने गांव के एक युवक पर गोली चला दी। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी। गोली लगाने के बाद घायल युवक को उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां युवक की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जहाजगढ़ निवासी सुनील उर्फ टोनी ने बताया कि गांव के सरपंच प्रतिनिधि उदय सिंह के साथ पंचायती जमीन को लेकर करीब एक माह से जमीनी विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे किसी जरूरी काम से अपनी कार में सवार होकर जहाजगढ़ से बराणी जा रहा था। जब जहाजगढ़ गांव से निकला तो बीच रास्ते में तीन बाइकों पर सवार युवकों ने कार को रोकने का इशारा किया तो उसने कार नहीं रोकी तो युवकों ने ड्राइवर साइड खिड़की पर गोली चलाई। गोली चलाने के बाद युवकों ने कार के आगे बाइक अड़ा दी और कार से नीचे उतार लिया। कार से नीचे उतारने के बाद एक युवक ने गोली चलाई जोकि उसके दाहिने पैर में लगी। गोली चलाने के बाद युवक बाइकों पर सवार होकर बराणी की तरफ भाग गए। गोली लगने के बाद युवक झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचा। जहां से चिकित्सकों ने इलाज देकर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में युवक का इलाज के बाद शनिवार को छुट्टी मिल गई।
वर्जन
जमीनी विवाद के चलते गांव जहाजगढ़ के युवक पर गोली चलाने की शिकायत मिली है। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी है। गांव जहाजगढ़ निवासी सुनील उर्फ टोनी की शिकायत पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सहित नामजद 8 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।
- अजीत सिंह, चौकी प्रभारी, छुछकवास।