बहादुरगढ़। फाल्गुन की महाशिवरात्रि पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा रही। शुक्रवार को सुबह होते ही श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए पहुंच गए और कतारें लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद तक यहां शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया और पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव की आराधना की।
कई मंदिरों में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लाकर शिव का अभिषेक किया। शिवलिंग पर बेल पत्र, भांग व बेर आदि अर्पित किए गए। कई भक्तों ने दूध से भगवान का अभिषेक किया। महाशिवरात्रि पर बच्चों से बड़ों तक श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। अनेक शिवालयों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शहर के रेलवे रोड पर काठमंडी में स्थित शिव-हनुमान मंदिर, नई बस्ती में स्थित रघुनाथ मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, लालचंद कॉलोनी स्थित बाला सुंदरी मंदिर, प्राचीन मुरली मनोहर मंदिर, अनाज मंडी में स्थित सनातन धर्म मंदिर, किला मोहल्ला में स्थित दुर्गा मंदिर व शिव मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, नूना माजरा के शिव मंदिर, परनाला रोड स्थित वेदांत आश्रम, संत कॉलोनी में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, नजफगढ़ रोड पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, झज्जर रोड पर स्थित देवी मंदिर, शनिधाम व बालाजी मंदिर, ओमेक्स सिटी सहित अनेक जगहों पर मंदिरों में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिरों में व जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। रात के समय शिव भजन संध्या का भी आयोजन हुआ।