-फोटो 59 : बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन।
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ स्टेशन से होकर गुजरने वाली सात एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों में निराशा है। दिल्ली-रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति के पदाधिकारियों ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर इन ट्रेनों का बहादुरगढ़ स्टेशन पर ठहराव किए जाने की मांग की है।
इन ट्रेनों में यात्रा करने के लिए लोगों को दिल्ली के सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर जाना पड़ता है। इससे यात्रियों को न केवल मानसिक परेशानी होती है बल्कि आर्थिक और समय की भी बर्बादी होती है। बेहतर होगा कि इन ट्रेनों को यहां पर ठहराव हो और यात्री आसानी से इन ट्रेनों में आवाजाही कर सके। दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा, यात्री सुनील कुमार, योगेश गुप्ता ने बताया कि दिल्ली से हरियाणा में प्रवेश करते ही बहादुरगढ़ पहला रेलवे स्टेशन है, जोकि दिल्ली के घेवरा से मात्र 8 किलोमीटर दूर है। इस स्टेशन की महत्वता को देखते हुए सभी एक्सप्रेस व सुपरफास्ट गाड़ियों को ठहराव स्टेशन पर दिया गया है। जबकि बहादुरगढ़ स्टेशन पर 7 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं है। यदि इन सभी ट्रेनों का ठहराव बहादुरगढ़ स्टेशन पर होता है तो यात्रियों को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा गाड़ी नंबर 14023/14024 को सातों दिन में संचालन आरंभ करवाया जाए। अभी यह गाड़ी शनिवार व रविवार को बंद रहती है। जबकि नौकरीपेशा व विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सवारी गाड़ी है। इस गाड़ी को भी शनिवार व रविवार को संचालित किया जाए।