साल्हावास। क्षेत्र के गांव सासरौली निवासी 18 वर्षीय सीमा रानी ने आसाम के गुवाहटी में आयोजित छह दिवसीय म्यूथाई नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त किया है। पदक जीतने पर गांव पर परिवार में खुशी है। परिजनों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। यह प्रतियोगिता गुवाहटी में आयोजित हुई। सीमा रानी के पिता हरमोद धनखड़ ने बताया कि सीमा रानी भिवानी की दुर्गा स्पोर्ट्स अकादमी में कोच सोमवीर शर्मा के नेतृत्व में प्रशिक्षण ले रही है। वह भिवानी कालेज की छात्रा है। खिलाड़ी की उपलब्धि पर परिजनों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सासरौली सरपंच सीमा ने भी उन्हें बधाई दी है।