संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बीएंडआर के कार्यालय में कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) अनिल रोहिल्ला व उपमंडल अभियंता-वन (एसडीई) सुनील शर्मा के बीच चल रहा विवाद बढ़ता जा रहा है। कार्यालय में यूं तो कोई कर्मचारी इस मामले में बोल नहीं रहा, लेकिन कार्यालय के सभी कमरों में इसी विवाद को लेकर चर्चा होती रहती है। कर्मचारी दबी जुबां में यह भी जिक्र करते रहते हैं कि यहां गबन तो जरूर हुआ है। अब जांच होगी तो पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। हालांकि कार्रवाई के डर से अभी कोई कर्मचारी खुलकर किसी अधिकारी के पक्ष में नहीं आया। उधर, एसडीई ने एक्सईएन पर मारपीट व गबन के आरोप लगाकर एक चिट्ठी उपायुक्त व एसडीएम बहादुरगढ़ को भी भेजी है।
एसडीई सुनील शर्मा ने जांच की मांग की है। ऐसे में डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने भी विभाग के अलावा अपने स्तर पर इस मामले की जांच की बात कही है। उधर, एसडीई के आरोपों व एक्सईएन के पत्र को लेकर भी पूरी रिपोर्ट तैयार कर अधीक्षक अभियंता (एसई) ने विभाग मुख्यालय में भेज दी है। रिपोर्ट के साथ-साथ एसई ने इस मामले की जांच के लिए विभाग मुख्यालय को लिखा है। अभी तक विभाग मुख्यालय की ओर से जांच शुरू नहीं की गई और ना ही कोई जांच अधिकारी नियुक्त करने की बात सामने आई है।
बता दें कि गत 16 फरवरी को एक कंप्यूटर को लेकर एसडीई सुनील शर्मा व एक्सईएन अनिल रोहिल्ला के बीच आपस में हाथापाई व मारपीट हो गई थी। दोनों ने लिखित में पुलिस को शिकायत दी थी, मगर अगले दिन दोनों में आपसी राजीनामा हो गया था। उसके बाद एसडीई सुनील शर्मा ने अनिल रोहिल्ला पर गबन के गंभीर आरोप लगाकर एसई को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी। ऐसे में एसई ने इस मामले की जांच कराने के लिए विभाग मुख्यालय को पत्र भेज दिया है।
लगाए यह आरोप
-कार्यालय के लिए स्टेशनरी खरीद में भी गबन का आरोप।
-रोड फर्नीचर के काम में पेंट के लिए 350 रुपये प्रति वर्ग मीटर के रेट को रद्द कर 596 रुपये के हिसाब से काम देकर गबन का आरोप।
-28 दिसंबर 2021 से 10 जनवरी 2022 तक 50 हजार रुपये के हिसाब से 28 कुटेशन से लाखों के गबन का आरोप।
-सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग कर उसके तेल के बिल निकालकर लाखों के गबन का आरोप।
-पीडब्ल्यूडी के स्टोर में तारकोल के टैंकर को खाली करने में भी गबन का आरोप।
-हाथ की रसीद बनाकर कई तरह के बिल निकालकर गबन का आरोप।
-नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ के भवन निर्माण में दो करोड़ 39 लाख से ज्यादा का 10वां रनिंग बिल का भुगतान किया गया। इस बिल में इतना काम दिखाया गया है जो 31 मार्च 2023 तक भी पूरा नहीं हो सकता। इसमें मिलीभगत का आरोप।
-सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ में फायर फाइटिंग सिस्टम की कंसलटेंसी में लाखों रुपये के गबन का आरोप।
-फर्जी कर्मचारी दिखाकर उनकी सैलरी निकालकर लाखों रुपये के गबन का आरोप।
एक्सईएन अनिल रोहिल्ला के पूरे कार्यकाल की जांच की जाए तो बड़ा गोलमाल उजागर हो सकता है। मैंने विभाग के अलावा जिला उपायुक्त व एसडीएम बहादुरगढ़ को भी पत्र लिखकर जांच की मांग की है। जांच निष्पक्ष हुई तो लाखों रुपये का गोलमाल उजागर होगा।
-सुनील शर्मा, एसडीई वन, लोक निर्माण विभाग, बहादुरगढ़।
मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। अब मामले की जांच होगी। जांच में जो भी दोषी होगा, विभाग उस पर कार्रवाई कर देगा। एसडीई के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
-अनिल रोहिल्ला, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, बहादुरगढ़।
अगर किसी विभाग में गबन किया जा रहा है तो यह गलत है। किसी भी विभाग में भ्रष्टाचार बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा। शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। इसके लिए जांच कमेटी बनाई जाएगी। जांच में जो भी दोषी मिला, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
-कैप्टन शक्ति सिंह, उपायुक्त, झज्जर।