बहादुरगढ़। गांव निलोठी के निकट कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मजदूरों के साथ वारदात का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट कर उनसे बाइक छीन ली और फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
नूंह निवासी आशिक ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह और उसके गांव का तोहित निलोठी में जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे निर्माण में मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को उनको अपने गांव जाना था। रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर वह घर की ओर चल दिए। सड़क पार करने के लिए रुके ही थे कि जसोरखेड़ी की तरफ से स्कूटी सवार तीन युवक उनके नजदीक आए। आते ही कहने लगे कि तुम यहां क्या कर रहे हो और फिर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद तीनों युवकों ने हमारी बाइक छीन ली और केएमपी से उतारकर निलोठी की तरफ भाग गए। इसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी।