पुराने स्टाफ को वापस लाने एवं स्कूल में सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान छात्रों ने नए स्टाफ को बदल डालो, पुराना स्टाफ वापस लाओ आदि के नारे लगाए। मौके पर पहुंचे गांव के मौजिज लोगों के समझाने पर विद्यार्थी शांत हुए। मामला गांव बराही के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का है। दरअसल, कुछ दिन पहले ही इस स्कूल के कुछ अध्यापकों का तबादला हुआ है। नए अध्यापक ड्यूटी ज्वाइन कर चुके हैं लेकिन विद्यार्थी पुराने स्टाफ की मांग कर रहे हैं। मंगलवार की सुबह विद्यार्थी स्कूल तो आए लेकिन कई विद्यार्थी स्कूल के गेट पर ही बैठ गए और गेट पर तालाबंदी कर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान प्राचार्य व अन्य अध्यापकों ने समझाने का प्रयास भी किया लेकिन विद्यार्थी नहीं माने। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि हमें नए स्टाफ से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन हमें नए अध्यापकों की पढ़ाई समझ में नहीं आती। इसलिए पुराने स्टाफ को ही वापस लाना चाहिए। इसके अलावा स्कूल में पेयजल की भी उचित व्यवस्था नहीं है। स्कूल के गेट पर धरने की सूचना पाकर गांव के मौजिज लोग पहुंचे। उसके बाद विद्यार्थियों ने ताला खोल दिया। इसके बाद पढ़ाई शुरू हो पाई। उधर, विद्यालय के प्राचार्य कमल किशोर ने कहा कि सप्ताहभर पहले ही नया स्टाफ आया है। नए अध्यापक बच्चों की शिक्षा पर जोर दे रहे हैं। कुछ विद्यार्थी जो पढ़ाई से दूरी बनाते थे, अब उन्हें पढ़ना पड़ रहा है। इसलिए उक्त कुछ विद्यार्थियों ने दूसरे विद्यार्थियों को बरगला कर यह कदम उठाया।