बहादुरगढ़। उपमंडल के गांव रोहद में रविवार शाम करीब 7 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव के ही श्यामजी मंदिर के बाहर इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में गांव के ही दो युवकों का नाम सामने आया है। शव को पीजीआईएमएस रोहतक में रखवाया गया है। परिजनों के बयान के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आसौदा थाना पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मृतक की पहचान करीब 34 वर्षीय मंजीत के रूप में हुई है। रविवार की शाम मंजीत गांव के ही श्यामजी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद जब वह मंदिर से बाहर निकलकर पीछे की तरफ गया तो बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और उनमें से एक ने मंजीत की छाती में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर लोग वारदात स्थल पर इकट्ठे हुए। लोग खून से लथपथ मंजीत को पीजीआईएमएस रोहतक ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। सूचना मिलने पर आसौदा थाने से पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
मंजीत की हत्या में गांव के ही दो युवकों के नाम सामने आए हैं। गांव में चर्चा है कि मंजीत की दोनों आरोपियों से दोस्ती थी। हाल ही में इनके बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। उस दौरान आरोपियों ने मंजीत को धमकी दी थी। उसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है हालांकि सही वजह तफ्तीश के बाद पता चलेगी। जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। आसौदा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक के परिजनों से मामले में जानकारी जुटाई जा रही है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं
वर्जन
रोहद में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। शव रोहतक के पीजीआईएमएस में रखा गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-सुनील कुमार, एसएचओ, आसौदा थाना, बहादुरगढ़